राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशी पर फैसले को दिल्ली गए मुख्यमंत्री सुक्खू, कल आयेंगे शिमला

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी फाइनल करने को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार दोपहर बाद दिल्ली चले गए हैं। दिल्ली जाते ही उन्होंने एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल से भेंट की है। इसके बाद हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और एआईसीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से भी मुख्यमंत्री की बैठक है। इसमें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी फाइनल हो जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू तीन मार्च को शिमला वापस लौटेंगे। चार मार्च को फिर होली की छुट्टी है और पांच मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन है। यदि विपक्षी दल भाजपा की तरफ से प्रत्याशी नहीं दिया गया, तो 16 मार्च को चुनाव की जरूरत नहीं पड़ेगी। अन्यथा 16 मार्च को वोटिंग से नए राज्यसभा सांसद का फैसला होगा। अभी भाजपा सांसद इंदु गोस्वामी की सीट खाली हो रही है, क्योंकि वह नौ अप्रैल को अपना कार्यकाल पूरा कर रही हैं।इस बार राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा में भी पिछले साल जैसे किसी भी तरह के सरप्राइज जैसा उत्साह नहीं है। हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस के पास वर्तमान में 40 विधायक हैं, जबकि भाजपा के 28 एमएलए अभी सदन में हैं। फिलहाल कांग्रेस पार्टी के उस फैसले पर सबकी नजर है, जिसमें यह तय होगा कि राज्यसभा का प्रत्याशी प्रदेश से होगा या प्रदेश के बाहर से? पिछली बार कांग्रेस ने प्रदेश से बाहर से नामी वकील अभिषेक मनु सिंघवी को प्रत्याशी बनाया था, जो क्रॉस वोटिंग के बाद हर्ष महाजन से चुनाव हार गए थे। इस बार कांग्रेस के भीतर राज्यसभा के लिए प्रतिभा सिंह, कौल सिंह ठाकुर इत्यादि पूर्व राज्य अध्यक्षों के नाम भी चल रहे हैं। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी प्रतिभा पाटिल का नाम भी चर्चा में है। इस समय पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उनके बेटे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर भी दिल्ली में डटे हैं। कांग्रेस का प्रत्याशी तय होने के बाद ही हिमाचल भाजपा भी चुनाव लडऩे को लेकर फैसला लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *