चंबा, ब्यूरो: भरमौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक जनक राज ने मैहला में आयोजित “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम के दौरान सरकार पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान विधायक मंच पर ना बैठकर जमीन पर लोगों के साथ बैठ गए। जिसके बाद उन्हें जबरदस्ती मंच पर ले जाया गया। उन्होंने कहा कि पांगी-भरमौर की जनता ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा है और वे पिछले तीन वर्षों से लगातार क्षेत्र की समस्याएं सदन में उठाते रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।विधायक ने कहा कि अब जब सरकार स्वयं जनता के द्वार आई है तो उम्मीद है कि जनता की आवाज़ को गंभीरता से सुना जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में दो से ढाई सौ लोग मौजूद थे, जबकि वे प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनते हैं और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाते हैं।जनक राज ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद सरकार को उन्हें मंच पर बुलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाई और इसे लोकतंत्र की बेइज्जती बताया।उन्होंने दोहराया कि पांगी-भरमौर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली—को लेकर वे आगे भी आवाज़ उठाते रहेंगे और जनता के हितों से कोई समझौता नहीं करेंगे।
