शिमला (ब्यूरो चीफ, सुरेंद्र राणा): राजधानी शिमला के संकट मोचन मोड़ से लेकर महावीर कॉलोनी के स्थानीय मंदिर तक सड़क की बदहाली को लेकर ‘पंजाब दस्तक’ द्वारा प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे का बड़ा असर हुआ है। खबर प्रकाशित होने के बाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन शिमला हरकत में आया और शुक्रवार को मौके पर मजदूर लगाकर खड्डों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय निवासियों ने की म्युनिसिपल कॉरपोरेशन की सराहना
मार्ग की मरम्मत शुरू होने पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर की है और निगम प्रशासन के इस त्वरित कदम की सराहना की है। अमर सिंह ठाकुर, एम.पी. शर्मा, धनीराम ठाकुर, ए. एन. शर्मा, जय गोपाल ठाकुर, हिमाचल हाई कोर्ट के वकील संजीव शर्मा और पाल साहब सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों ने सुधार कार्य के लिए प्रशासन का धन्यवाद किया।
जनता का हक: टैक्स के बदले सुविधा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब जनता नियमित रूप से टैक्स का भुगतान करती है, तो उन्हें धूल और गड्ढों से मुक्त सुरक्षित सड़कें मिलना उनका बुनियादी हक है। ‘पंजाब दस्तक’ की इस मुहिम के सफल होने से अब स्थानीय लोगों को जल्द ही खराब रास्तों से निजात मिलने की उम्मीद है।
