शिमला, सुरेंद्र राणा:
शिमला पुलिस के स्पेशल सैल की टीम ने चिट्टे के साथ कार सवार एक पुलिस कर्मी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों से 9.480 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। चिट्टे के केस में पकड़ा गया आरोपी पुलिस कांस्टेबल शिमला में ही तैनात था। गौर हो कि बीते दिनों प्रदेश सरकार ने चिट्टे के केसों में संलिप्त पाए गए एक इंस्पेक्टर सहित 11 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया था। इसके बाद अब शिमला पुलिस की टीम ने अब एक पुलिस कांस्टेबल सहित तीन युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। स्पेशल सैल की टीम ने गत बुधवार देर रात शोघी बैरियर पर गश्त के दौरान एक कार की तलाशी के दौरान 9.480 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। कार में तीन युवक सवार थे। आरोपियों की पहचान सिरमौर के नौहराधार निवासी विकास कुमार (32), शिमला के जुन्गा निवासी राहुल कुमार (35) और मंडी के जोगिंद्रनगर निवासी गौरव भारद्वाज उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े गए तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी शिमला संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े गए पुलिस कांस्टेबल सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं सुन्नी थाना क्षेत्र के तहत हरलोटी क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से ‘ऊना नंबर-वन’ ब्रांड की 24 बोतलें शराब बरामद की गईं। आरोपी की पहचान हरलोटी निवासी नोकू राम के रूप में हुई है।
