शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते ऊपरी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। ऐसे में जिला कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है, वहीं पर्यटन नगरी मनाली में भी सुबह से ही बर्फबारी का दौर जारी है। इसके अलावा उपमंडल बंजार के कई इलाकों में भी सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। राजधानी शिमला के रिज मैदान पर भी हिमपात हो रहा है, जबकि ऊपरी क्षेत्रों में रात से ही बर्फबारी का दौर जारी है। इसके अलावा धर्मशाला की धौलाधार पर्वत श्रृंखला पर भी हिमपात हुआ है, जबकि चंबा के ऊपरी क्षेत्र भी बर्फ से ढक गए हैं। पहाड़ों पर जहां बर्फबारी का दौर जारी है, वहीं मैदानी इलाकों मेें रात से ही बारिश का दौर जारी है।
बारिश से जहां पर्यटन कारोबार बढऩे की उम्मीद है, वहीं किसानों-बागबानों के लिए बारिश-बर्फबारी किसी संजीवनी से कम नहीं है। जिला कुल्लू के निचले इलाकों में भी बारिश का दौर जारी है। ऐसे में पर्यटन नगरी मनाली के साथ लगते अटल टनल में भी 6 इंच तक बर्फबारी हो चुकी है। इसके अलावा लाहुल घाटी में भी सुबह से ही भारी बर्फबारी का दौर जारी है। जिसके चलते लाहुल घाटी में सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही रुक गई है। कई इलाकों में बिजली भी चली गई है। वहीं लंबे समय के बाद बारिश और बर्फबारी होने के चलते जिला कुल्लू में लोगों में काफी खुशी है और इस बर्फबारी और बारिश से कृषि और बागवानी क्षेत्र के जो काम रूके हुए हैं। वह सब अब दोबारा से शुरू हो सकेंगे।
