शिमला, सुरेंद्र राणा: छोटा शिमला स्थित विशाल मेगामार्ट के बाहर सीटू से संबद्ध कर्मचारियों ने श्रम कानूनों को लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि मेगामार्ट प्रबंधन न तो कर्मचारियों को आईडी कार्ड जारी कर रहा है और न ही ईपीएफ की सही व्यवस्था है। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए रेस्ट रूम और छुट्टियों का भी कोई प्रावधान नहीं किया गया है।कर्मचारियों ने ऐलान किया कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
,सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि श्रम कानूनों के उल्लंघन के खिलाफ 12 फरवरी को देशभर में हड़ताल और धरना आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उस दिन विशाल मेगामार्ट के कर्मचारी भी हड़ताल और धरने में भाग लेंगे। विजेंद्र मेहरा ने सरकार और श्रम विभाग से मांग की कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए श्रम कानूनों को सख्ती से लागू किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
