22 जनवरी से शुरू होगा सीएम का शीतकालीन प्रवास

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश की राजनीति की धुरी कहे जाने वाले कांगड़ा जिले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बहुप्रतीक्षित शीतकालीन प्रवास 22 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। 15 विधानसभा सीटों वाले प्रदेश के सबसे बड़े जिले में मुख्यमंत्री जनवरी माह के अंत तक विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जनता की नब्ज टटोलेंगे। सत्ता के संचालन में सबसे अहम भूमिका निभाने वाले इस जिले में सीएम का यह प्रवास कई मायनों में ऐतिहासिक और प्रशासनिक रूप से महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के अनुसार सीएम के प्रवास का आगाज 22 जनवरी को सुलाह विधानसभा क्षेत्र से होगा। इसके बाद 23 जनवरी को मुख्यमंत्री कांगड़ा और अब्दुल्लापुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। 24 और 25 जनवरी का दिन परागपुर के नाम रहेगा, जहां वह विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और स्थानीय जनता से सीधा संवाद करेंगे।25 जनवरी को मुख्यमंत्री राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए शिमला रवाना होंगे। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में शिमला में रहने के बाद मुख्यमंत्री 27 जनवरी को दोबारा कांगड़ा आएंगे। प्रवास का दूसरा चरण 27 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान वह जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस प्रवास के दौरान करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास होंगे, जिससे जिला के विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी। गौर हो कि कांगड़ा जिला हमेशा से हिमाचल की राजनीति का निर्णायक केंद्र रहा है। मुख्यमंत्री का शीत प्रवास के दौरान जिले में रुकना इस बात का संकेत है कि सरकार कांगड़ा में नई संभावनाएं तलाश करेगी। इस प्रवास के माध्यम से सीएम न केवल सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे, बल्कि कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और विभागीय कार्यों की जमीनी हकीकत परखने का काम भी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *