भारतीय सेना का 78वाँ स्थापना दिवस: शिमला में ‘Know Your Army’ मेले का आयोजन, युवाओं को सेना से जुड़ने का आह्वान
शिमला, सुरेंद्र राणा:भारतीय सेना आज अपना 78वाँ स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शिमला के रिज मैदान पर सेना प्रशिक्षण कमान (ARTRAC) शिमला द्वारा ‘Know Your Army’ मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरजीत सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने सेना की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को भारतीय सेना को नज़दीक से जानने और देश सेवा के लिए प्रेरित होने का अवसर मिलता है।
सेना दिवस के अवसर पर आयोजित इस मेले में शस्त्र प्रदर्शनी, स्वास्थ्य शिविर, सेल्फी प्वाइंट और सेना पाइप बैंड की आकर्षक प्रस्तुति लोगों के लिए विशेष आकर्षण रही। बड़ी संख्या में युवाओं ने मेले में पहुंचकर भारतीय सेना के शौर्य, अनुशासन और तकनीकी क्षमता की जानकारी हासिल की।
ब्रिगेडियर हरजीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में देश सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। आज भारतीय सेना बेहद सशक्त और आधुनिक हो चुकी है। हमारी सेना ने रात को भी दिन में बदल देने की क्षमता हासिल की है।
