प्रेमिका से मिलने आए युवक की ली जान, बंजार में महिला के पति ने ग्रामीणों संग बिहारी आशिक की जमकर की धुनाई

Spread the love

कुल्लू: जिला कुल्लू के बंजार क्षेत्र में बिहार के एक 21 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। दस से 12 लोगों से पूछताछ जारी है। सूचना मिलते ही एसपी कुल्लू भी मौके लिए रवाना हो गए थे। फोरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सात जनवरी को बिहार निवासी 21 वर्षीय दीपक झा बंजार घाटी में महिला दोस्त से मिलने आया था। क्षेत्र के लोगों ने उसकी ऐसी पिटाई कर डाली कि उसकी मौत हो गई। मारपीट के दौरान घायल युवक ने गुरुवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। गुरुवार को एसपी कुल्लू मदन लाल स्वयं मौके लिए पुलिस टीम के साथ रवाना हुए और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिहार का रहने वाला 21 वर्षीय दीपक झा चंडीगढ़ से टैक्सी लेकर बंजार के गाड़ागुशैणी आया था। सात जनवरी को वह एक महिला मित्र से मिलने के लिए पहुंचा था, लेकिन महिला के पति तथा अन्य ग्रामीणों को इस बारे सूचना मिल गई। ऐसे में उन्होंने पहले युवक को बाहू के पास घेर लिया और वहां पर उसके साथ मारपीट की।

उसके बाद युवक को गाड़ागुशैणी की ओर ले गए और वहां पर भी उसके साथ खूब मारपीट की। मृतक युवक के साथ हरियाणा से आए टैक्सी चालक ने इस बारे 112 नंबर पर पुलिस को सूचित किया। मारपीट में घायल युवक को पहले इलाज के लिए बंजार अस्पताल भर्ती किया गया लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे कुल्लू अस्पताल रैफर कर दिया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। मृतक युवक की महिला मित्र विवाहित है और उसके दो बच्चे भी है। ऐसे में कुल्लू पुलिस की टीम ने महिला के पति के साथ चार अन्य लोगों को हिरासत में लिया है एसपी कुल्लू मदनलाल कौशल ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। जल्द ही पुलिस के द्वारा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *