शिमला। सुरेंद्र राणा: राजधानी शिमला में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य को साकार करने के लिए आयोजित तीन दिवसीय हिम MSME फेस्ट-2026 के दूसरे दिन महिला उद्यमियों के लिए विशेष सत्र का आयोजन किया गया।
पीटरहॉफ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया और प्रदेश के लघु उद्योगों के उत्पादों की मार्केटिंग और बिक्री को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर महिला उद्यमियों के साथ इंटरेक्शन सेशन भी आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं ने अपने कार्य, प्रगति और समस्याओं को उद्योग मंत्री के समक्ष रखा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों और लघु उद्योगों द्वारा उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन अब इन उत्पादों को बड़े बाजार और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना आवश्यक है। सरकार छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने और घाटे में चल रहे उद्योगों को पुनर्जीवित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि महिलाओं सहित हर वर्ग को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
