शिमला, सुरेन्द्र राणा:हिमाचल प्रदेश में 6 जनवरी को मौसम फिर बदलेगा। इस दिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, मगर 5 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि आज सुबह से ही मौसम साफ हैं, जबकि मैदानी इलाके धुंध के आगोश में लिपटे हुए हैं, जिससे प्रचंड शीतलहर का प्रकोप है। प्रदेश के सात जिलों में आगामी चार दिनों तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को भी निचले पहाड़ी व मैदानी कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रहा।
16 शहरों का रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर चुका है। खासकर लाहुल-स्पीति के कुकुमसैरी का न्यूनतम तापमान माइनस -7.0 डिग्री सेल्सियस, ताबो में माइनस -6.4 और कल्पा में -2.2 डिग्री तक गिर चुका है। कुल्लू के भुंतर में 1.5 डिग्री, सोलन 1.7, मनाली 0.2, नारकंडा 0.4, रिकांगपियो 0.6 डिग्री और सियोबाग में 0.8 डिग्री तक तापमान लुढक़ चुका है।
