शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही राज्य के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से नए वर्ष का आगाज हुआ है। बर्फबारी के कारण ठंड में भी तेजी से इजाफा हुआ है। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के रिहायशी इलाकों में मंगलवार रात से हिमपात जारी है और कुकुमसेरी में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है और तापमान शून्य से नीचे चला गया है। किन्नौर और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर बर्फ गिर रही है। शिंकुला दर्रा, बारालाचा और रोहतांग दर्रे पर ताजा हिमपात से ऊंचे इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार नए साल के पहले दिन राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि दो जनवरी को भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा व हिमपात हो सकता है। तीन और चार जनवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है।
