शिमला, सुरेंद्र राणा: आज पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपई की 101वीं जयंती मना रहा है। शिमला में भी राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल सहित गणमान्य लोगों ने रिज मैदान स्थित अटल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इस मौके पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई को देश ही नहीं अपितु विदेशों में भी अपनी अलग छाप छोड़ी है। अटल बिहारी वाजपेई पक्ष और विपक्ष दोनों के राजनेता थे। अटल जी का पूरा सामाजिक और राजनीतिक जीवन आनंद का जीवन रहा है। नेताओं को अटल बिहारी वाजपेई से सीख लेनी चाहिए कि राजनीति प्रतिस्पर्धा की हो सकती है लेकिन दुश्मनी की नहीं हो सकती।
वहीं इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई प्रखर व्यक्तित्व के धनी नेता थे। अटल बिहारी वाजपेई आदर्शवादी नेता के साथ साथ कवि के रूप में में भी जाने जाते हैं। लोकतंत्र के मजबूती के लिए उन्होंने अपना अहम योगदान दिया जिसे आज के दिन याद करना चाहिए।
वहीं इस मौके पर जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी का हिमाचल प्रदेश के साथ गहरा और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने हमेशा पर्वतीय राज्यों की आवश्यकताओं को समझते हुए नीतियां बनाई, जिनका लाभ आज भी प्रदेश को मिल रहा है। अटल भारत के करोड़ों-करोड़ों नागरिकों के हृदय में सदा जीवित रहेंगे। राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अटल जी की दूरदर्शी सोच की एक ऐतिहासिक मिसाल है। इस योजना से हिमाचल प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों को सड़क सुविधा मिली, गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और आम जनजीवन में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन आया।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहा है और उनके विचार आज भी भारतीय जनता पार्टी के लिए मार्गदर्शक हैं। आज प्रदेश के युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र में जो रोजगार मिला है वह अटल बिहारी वाजपेई की औद्योगिक पेकेज के कारण संभव हो पाया है जिसके लिए हिमाचल उनका हमेशा आभारी रहेगा।
