हमीरपुर, सुरेन्द्र राणा: केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा की जगह विकासित भारत रोजगार गारंटी विधेयक लाए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेरे हिसाब से कांग्रेस को पहले ‘जी राम जी’ को पूरी तरह से पढ़ लेना चाहिए। कांग्रेस इस विधेयक को लेकर वेवजह अफवाहें और भय फैलाने का काम कर रही है। सोमवार को एनआईटी के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो बदलाव इसमें किए गए हैं, वे गरीबों और जरूरतमंदों को देखते हुए किए गए हैं। दिहाड़ी को 100 दिन के बजाय 125 दिन किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जब 1989 में जवाहर योजना शुरू की, तो उन्हें महात्मा गांधी याद नहीं आए। 1999 में नाम बदलकर जवाहर स्वर्णिम योजना कर दिया, 2004 में नरेगा कर दिया, तब याद नहीं आई।
2009 में इस योजना के साथ महात्मा गांधी का नाम जोड़ा गया था। उन्होंने बताया कि कांग्रेस केवल नाम की राजनीति करती है। कांग्रेस नामदार है और हम कामदार। बीजेपी लोगों को काम दिला रही है। प्रदेश सरकार के नशे को लेकर शुरू किए मेगा वॉकथॉन को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि नशे के खिलाफ यह हम सबकी लड़ाई है, लेकिन ऐसे आयोजन सिर्फ कार्यक्रमों तक नहीं होने चाहिए, बल्कि एक्शन भी होना चाहिए। जो भी चिट्टे सहित अन्य नशों में संलिप्त हैं और इसे फैला रहे हैं, उन पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं अरावली की पहाडिय़ों में खनन को लेकर देश में छिड़ी बहस को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पर्यावरण मंत्री और बाकि राज्यों के लोग इस पर काफी कुछ कह चुके हैं।
