हमीरपुर, सुरेंद्र राणा: अंतरराष्ट्रीय ध्यान दिवस के अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग हमीरपुर द्वारा स्थानीय जिला कारागार में आयोजित तीन दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर का भव्य और सफल समापन हुआ। इस विशेष शिविर में लगभग 50 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग-ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्म-विकास का अनुभव किया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को जीवन को सुखद, निश्चिंत, स्थिर और तनावमुक्त बनाए रखने हेतु विभिन्न श्वास क्रियाओं, योग अभ्यासों और ध्यान तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही योग के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण, आत्मसंयम और समाज को सभ्य व संस्कारी बनाने के मूल्यों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक पूज्य श्री श्री रविशंकर द्वारा गाइडेड पंचकोश ध्यान, योगनिद्रा और आभामंडल जैसे प्रभावशाली ध्यान अभ्यास करवाए गए, जिससे प्रतिभागियों में मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। तीन दिनों तक चले इस शिविर में दिव्य समाज निर्माण और व्यक्ति के समग्र विकास में योग व ध्यान की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
अंतरराष्ट्रीय ध्यान दिवस के अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक जोगिंद्र ठाकुर ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए जिला कारागार प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
