शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश के अस्पतालों में 22 दिसंबर से डाक्टर छुट्टियों पर जा रहे है। बता दें कि डाक्टरों का विंटर वेकेशन शुरू होने वाला है। डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज व अस्पताल, कमला नेहरू अस्पताल और अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा के पहले चरण में चिकित्सक कल से यानी 22 दिसंबर से शीतकालीन अवकाश पर जाने वाले हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाक्टरों को दो चरणों में अवकाश पर भेजने का निर्णय लिया है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहें।शेड्यूल जारीशेड्यूल के मुताबिक पहले चरण का शीतकालीन अवकाश 22 दिसंबर से 28 जनवरी तक रहेगा। दूसरा चरण 30 जनवरी से शुरू होकर आठ मार्च तक चलेगा। 29 जनवरी को कॉमन डे रखा गया है, जिस दिन पहले चरण के डाक्टर कार्यभार दूसरे चरण में जाने वाले चिकित्सकों को सौंपेंगे। सीनियर रेजिडेंट्स की छुट्टियां 22 दिसंबर से शुरू होकर 20 फरवरी तक रहेंगी। पहले बैच का अवकाश 22 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी तक और दूसरे बैच का 22 जनवरी से 20 फरवरी तक निर्धारित है। 21 जनवरी को कॉमन डे रहेगा।
