शिमला-कुफरी की रातें गर्म, ऊंचाई वाले इलाकों में इस दिन से बारिश-बर्फबारी के आसार

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में सर्दी के मौसम के बीच मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है। जहां एक ओर जनजातीय व ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, वहीं राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल कुफरी में रातें मैदानी इलाकों से भी ज्यादा गर्म दर्ज की जा रही हैं। दिसम्बर माह के मध्य में लगातार दूसरी बार शिमला का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य से करीब 5.7 डिग्री अधिक है, जबकि कुफरी में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज हुआ। आमतौर पर दिसंबर में शिमला की रातें सिंगल डिजिट में रहती हैं, लेकिन इस बार तापमान में आए उछाल से ठंड की धार कमजोर पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में पूरे राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा दर्ज किया गया है और फिलहाल प्रदेश भर में मौसम साफ बना हुआ है तथा दिन के समय तेज धूप खिली हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन यानी 18 और 19 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहेगा। लेकिन 19 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 20 और 21 दिसंबर को किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जैसे ऊंचाई वाले जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 22 और 23 दिसंबर को पूरे प्रदेश में मौसम के फिर से साफ होने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *