शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल में सरकारी स्कूलों को राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड से सीबीएसई में ट्रांसफर करने की प्रक्रिया और तेज हो गई है। अब तक शिक्षा विभाग ने कुल 98 स्कूल सीबीएसई के पोर्टल पर एफीलिएशन के लिए अपलोड किए थे। इनमें से 83 स्कूलों की दो चरणों की एफीलिएशन प्रक्रिया पूरी हो गई है। राज्य में नए शिक्षा सत्र से 100 स्कूलों को सेंट्रल बोर्ड आफ स्कूल एजुकेशन के तहत चलाया जाना है। शेष बचे दो स्कूलों को जल्द अपलोड कर दिया जाएगा। 14 दिसंबर तक उपलब्ध डाटा के अनुसार राज्य सरकार ने सीबीएसई पोर्टल पर कुल 98 सरकारी स्कूलों को अपलोड किया है। इनमें से अब तक 83 स्कूलों को एफीलिएशन मिल गई है। इनके लिए एफीलिएशन नंबर जारी हो गया है।शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक 100 में से 98 स्कूलों को सरस 6.0 पोर्टल पर अपलोड किया था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए यह कदम उठाया है। पहले चरण में 100 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई में कन्वर्ट किया जा रहा है। राज्य सरकार ने कहा था कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को नेशनल लेवल पर प्रतियोगी बनाने के लिए सीबीएसई बोर्ड इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य सरकार इन स्कूलों के लिए अलग सब कैडर बनाने का विचार कर रही है। इन स्कूलों में भेजे जाने वाले शिक्षकों को फिर ट्रांसफर भी नहीं किया जाएगा। इन स्कूलों में तैनाती के लिए विकल्प लिए जाएंगे और परीक्षा के जरिए यह चयन होगा। अगली कैबिनेट की बैठक में इस बारे में गाइडलाइन भी लाई जा सकती है।
