हमीरपुर, सुरेन्द्र राणा:कांग्रेस की हालिया रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर लगाए गए अमर्यादित नारों पर सियासत गरमा गई है। पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी राजनीति औरंगज़ेब की छठी पीढ़ी जैसी सोच को दर्शाती है।बलदेव शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की एक मर्यादा होती है, लेकिन किसी निर्वाचित प्रधानमंत्री के लिए मृत्यु की कामना करना कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण है। शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में ऐसे नारे लगना यह स्पष्ट करता है कि यह केवल कार्यकर्ताओं की गलती नहीं, बल्कि नेतृत्व की सहमति से उपजी मानसिकता है।उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस मुद्दों की राजनीति छोड़ चुकी है और अब नफरत, अपमान व उकसावे की भाषा को अपना हथियार बना चुकी है। इतिहास गवाह है कि इस तरह की राजनीति का अंजाम हमेशा पतन ही रहा है।पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस नेतृत्व इन नारों से असहमत था तो तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। बलदेव शर्मा ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब जरूर देगी।
