शिमला,सुरेन्द्र राणा; 49 दिन बाद भी वेतन नहीं मिलने पर एचआरटीसी के चालक-परिचालको ने लगातार दूसरे दिन एचआरटीसी चालक-परिचालक संघ के पदाधिकारियों ने पुराना बस अड्डा स्थित निगम मुख्यालय के बाहर प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया।
चालक परिचालक यूनियन के अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने कहा कि एचआरटीसी को बंद करना है तो बंद कर दो बस हमें हमारा हक का दे दो। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम की कार्यशालाओं में न कलपुर्जे हैं न मैकेनिक, खराब बसें रूटों पर चलाने के लिए प्रबंधन की ओर से दबाव बनाया जा रहा है। रूट पर बसें खराब होने पर पब्लिक चालक-परिचालकों को पीट रही है। मानसिंह ठाकुर ने कहा कि चालक-परिचालकों का रोष अब चरम पर है। तुरंत वेतन और लंबित वित्तीय लाभ जारी न किए गए तो 24 दिसंबर को संघ की ओर से कड़ा फैसला लिया जाएगा और अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर बसें खड़ी कर देंगे। उन्होंने कहा कि वेतन भत्तों का समय पर भुगतान नहीं होने से उनके लिए परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। HRTC घाटे में नहीं है अगर है तो प्रबंधन और सरकार की वजह से हैं।
