कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नई रणनीति, पहले ब्लॉक अध्यक्ष, उसके बाद बनेंगे प्रदेश पदाधिकारी

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार नई स्टै्रटजी के तहत काम करते हुए पार्टी व संगठन में सियासी संतुलन बनाएंगे। सीधे प्रदेश कार्यकारिणी का चयन के बजाय विनय कुमार लंबे समय से ब्लॉक अध्यक्षों के बिना चल रही पार्टी को विधानसभा स्तर पर संगठन की कमान देंगे। यानि पहले ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां होंगी, उसके बाद प्रदेश पदाधिकारी बनाए जाएंगे। विनय कुमार ने ‘दिव्य हिमाचल’ से बातचीत में संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने की अपनी महत्त्वाकांक्षी योजना का खुलासा किया है। उनकी यह रणनीति स्पष्ट संकेत देती है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए ज़मीनी स्तर से तैयारी शुरू कर रही है। अध्यक्ष विनय कुमार का मानना है कि संगठन की मजबूती के बिना कोई भी चुनावी लड़ाई नहीं जीती जा सकती और इसीलिए उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा से पहले ब्लॉक और जिला स्तर पर नियुक्तियों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। विनय कुमार की रणनीति का केंद्र बिंदु संगठन सृजन अभियान भी है।इस अभियान के तहत जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां भी दिसंबर अंत या जनवरी के प्रारंभ में हो जाएंगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य निचले स्तर पर पार्टी को मजबूत करना और ब्लॉक स्तर पर पार्टी का संगठनात्मक कार्य प्रभावी ढंग से खड़ा करना है। संगठन के ढांचे में बदलाव की यह रणनीति एक महत्त्वपूर्ण बदलाव को दर्शाती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश कार्यकारिणी और जिलों व ब्लॉकों की टीमों का गठन इन प्राथमिक नियुक्तियों के बाद ही किया जाएगा। यह दर्शाता है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अब टायर-2 और टायर-3 के नेतृत्व को पहले स्थापित करके, उन्हें संगठनात्मक स्थिरता प्रदान करना चाहता है। इससे प्रदेश कार्यकारिणी का गठन एक मजबूत आधार पर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *