शिमला, सुरेंद्र राणा; आज देश भर में संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि को महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। शिमला में भी अंबेडकर की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चौड़ा मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बाबा साहब के योगदान को याद किया और कहा कि राहुल गांधी लगातार संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को बचाने के लिए काम कर रही है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने देश के लिए बड़ा योगदान दिया है. उन्हें न सिर्फ़ देश में बल्कि विदेश में भी बेहद सम्मान के साथ याद किया जाता है। उन्होंने उस वक़्त वंचितों के अधिकारों के लिए काम किया, जिस वक़्त देश में जातिवाद चरम पर था ऐसे में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।वहीं इस दौरान हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का देश के प्रति योगदान अतुलनीय है। वे हमेशा ही दलितों और पिछड़ों को आगे बढ़ाने के बारे में सोचते थे। उन्होंने राहुल गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे ख़ुद अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं और उन्हें पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष बनाया है जो कांग्रेस पार्टी की दलितों व पिछड़ों के उत्थान की सोच को दर्शाता है।
