हमीरपुर, सुरेन्द्र राणा: हमीरपुर ज़िले की बनाल पंचायत के घरथोली गांव के गुमशुदा व्यक्ति बलदेव सिंह, पुत्र सूबेदार किरपा राम ठाकुर, का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिवार की उनसे राजस्थान में संपर्क स्थापित हो गया है।बलदेव सिंह भारतीय सेना में तैनात थे और परिवार के मुताबिक वह करीब 15 साल पहले गोहाटी में ड्यूटी पर जाते समय लापता हो गए थे।
वर्तमान में उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है।परिवार के पिता अत्यंत वृद्ध हैं और घर में कोई अन्य पुरुष सदस्य इतनी दूर जाने में सक्षम नहीं है। ऐसे में परिवार स्वयं उन्हें लाने में असमर्थ है, लेकिन बेटे की खबर मिलने से परिवार भावुक है। परिवार चाहता है कि जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार मानवीय आधार पर बलदेव सिंह को राजस्थान से वापस हमीरपुर लाने की व्यवस्था करे।राजपूत महासभा हमीरपुर ने भी परिवार के समर्थन में आवाज उठाई है।जोगिंदर ठाकुर (महासचिव, राजपूत महासभा हमीरपुर) ने मुख्यमंत्री से मानवीय आधार पर इस परिवार की मदद करने और बलदेव सिंह को सुरक्षित घर लाने की व्यवस्था करने की मांग की है।
