“3 साल खाओ–पीयो–मौज की सरकार, हिमाचल की जनता भुगत रही है सजा” – अनुराग ठाकुर

Spread the love

धर्मशाला: सुरेंद्र राणा; केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा और करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल में यह सरकार विकास की नहीं, बल्कि 3 साल तक “खाओ–पीयो और मौज करो” वाली सरकार रही है। जनता महंगाई, बेरोजगारी, टूटी सड़कों और बंद योजनाओं से जूझ रही है, जबकि कांग्रेस के नेता सत्ता का सुख भोगने में व्यस्त हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह सरकार पेंशनभोगियों और कर्मचारियों का मज़ाक उड़ाने वाली सरकार बन चुकी है। जिन बुजुर्गों ने जीवनभर सेवा की, आज उनकी पेंशन समय पर नहीं मिल रही। मुलाजिमों को वेतन और भत्तों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को “कौरवों की फौज” बताते हुए कहा कि जैसे कौरवों ने अधर्म के रास्ते पर चलकर विनाश बुलाया था, वैसे ही कांग्रेस सरकार भी हिमाचल को विनाश की ओर ले जा रही है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता खेती में पिस रही है और कांग्रेस के नेता यहां मौज–मस्ती मनाने आए हैं। किसानों को न तो उनकी फसलों का सही दाम मिल रहा है, न खाद–बीज समय पर मिल रहा है, और न ही कोई ठोस राहत दी जा रही है।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस के नेता हिमाचल की सरकार चला ही नहीं पा रहे, तो गद्दी क्यों नहीं छोड़ देते? फेविकोल की तरह कुर्सी से क्यों चिपके हुए हैं? उन्होंने कहा कि यह सरकार कुर्सी के मोह में प्रदेश को बर्बाद कर रही है।

उन्होंने भाजपा की उपलब्धियों को याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा ने हिमाचल को विशेष राज्य का दर्जा दिलाया था, जिसे कांग्रेस ने छीन लिया। कांग्रेस सरकार ने 3 साल में विकास नहीं, केवल विनाश किया है और यदि यही हाल रहा तो आने वाले 2 साल में सर्वनाश तय है।

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि हिमाचल में चल रहे सभी केंद्रीय परियोजनाओं को ठप करने का काम कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए करोड़ों के प्रोजेक्ट या तो लटका दिए गए हैं या जानबूझकर रोके गए हैं, ताकि जनता को केंद्र की योजनाओं का लाभ न मिल सके।

उन्होंने सिरमौर जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने वहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी टर्फ दिया, लेकिन कांग्रेस के नेता आज तक लोगों को पन्नी का कनेक्शन तक नहीं दे पाए। यह कांग्रेस की नीतियों और नीयत दोनों पर बड़ा सवाल है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी 10 की 10 गारंटियों पर पूरी तरह फेल हो चुकी है। राहुल गांधी का “खटाखट मॉडल” पूरी तरह से धराशायी हो चुका है और प्रियंका गांधी द्वारा हिमाचल की जनता से किए गए सभी वादे पूरी तरह से झूठ साबित हो गए हैं।

उन्होंने अंत में कहा कि हिमाचल की जनता सब देख रही है, सब समझ रही है और आने वाले समय में कांग्रेस को उनके झूठ, उनकी नाकामी और उनके अहंकार की पूरी कीमत चुकानी पड़ेगी। भाजपा कार्यकर्ता जन–जन तक कांग्रेस की विफलताओं को पहुंचाकर इस सरकार को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *