पंजाब में नए जिलों पर फैसला जल्द, विधानसभा के विशेष सत्र में बड़े फैसलों की उम्मीद, 14 को बुलाई कैबिनेट

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेन्द्र राणा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 14 नवंबर को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। बैठक में श्री आनंदपुर साहिब में बुलाए जाने वाले विशेष विधानसभा सत्र को मंजूरी दी जाएगी। विधान सभा का विशेष सत्र शहीदी दिवस के चलते बुलाया गया है। शहीदी दिवस को लेकर अन्य कार्यक्रमों को भी कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी जाएगी। बतादें पंजाब सरकार श्रीगुरु तेग बहादुर जी के 350वां शहीदी दिवस बड़े स्तर पर मना रही है। इस दौरान 24 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र आनंदपुर साहिब में बुलाया जाएगा। भाई जैता जी मेमोरियल में विधानसभा तैयार की जा रही है। स्पीकर गैलरी तैयार की जा रही है और साथ ही मंत्रियों व विधायकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। विधानसभा के इस सत्र को अहम माना जा रहा है क्योंकि इस दौरान सरकार पंजाब आनंदपुर साहिब को नया जिला बनाने का एलान कर सकती है। सरकार के अनुसार 24 नवंबर को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक विधानसभा का विशेष सत्र होगा। इसमें नए जिला बनाने के अलावा अन्य अहम विधेयक पेश किए जा सकते हैं। विधायकों को टैब पर बिल की कॉपी भेजी जाएगी। स्पीकर कुलतार सिंह संधवां 6 नवंबर को विधानसभा सत्र की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आनंदपुर साहिब जा रहे हैं।भाई जैता जी मेमोरियल में 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। 117 सदस्यीय विधानसभा में स्पीकर, सचिव, अधिकारियों, मीडिया और सत्र की कार्रवाई देखने के लिए आने वाले लोगों के बैठने का इंतजाम भी किया जाना है। विधानसभा की कार्रवाई के लिए जरूरी कम्प्यूटर समेत अन्य दस्तावेज और सामान चंडीगढ़ से विशेष सत्र के लिए ले जाया जाएगा। सरकार ने तैयारी के लिए कमेटी भी गठित की है। विधानसभा सचिव ने उन सभी जरूरी इंतजाम की सूची इस कमेटी और मुख्य सचिव को भेज दी है जिस पर काम शुरू भी हो गया है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स और विधानसभा की कार्रवाई के लाइव कवरेज की भी व्यवस्था की जा रही है। शहीदी दिवस पर सरकार कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और सभी राज्यों को सीएम को भी इसके लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इस दौरान वीआईपी लोगों का आना जाना रहेगा। साथ ही विशेष सत्र भी होगा इसलिए सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के खास इंतजाम किए जा रहे है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े। इसके अलावा टेंट सिटी बनाई जा रही है जिनमें 11 से 12 हजार श्रद्धालुओं के रुकने की व्यवस्था होगी। साथ ही 20 पार्किंग भी बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *