15 नवंबर को मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर हिमाचल में होंगे जिला सम्मेलन

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को लेकर हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी जनजाति मोर्चा बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। 15 नवंबर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील नेगी ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप प्रदेशभर के सभी जिलों में 15 नवम्बर को भव्य जिला स्तरीय सम्मेलन होंगे।

सुनील नेगी ने कहा कि कार्यक्रम का दायित्व पूर्व प्रदेश महामंत्री और भाजपा के मुख्य प्रवक्ता त्रिलोक कपूर संभाल रहे हैं। सभी जिलों में तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश स्तरीय नेता मौजूद रहेंगे, जो भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष, और आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों पर अपने विचार रखेंगे। शिमला में भाजपा मुख्यालय दीप कमल में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। नेगी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को संगठित कर अंग्रेजों के खिलाफ “उलगुलान” आंदोलन का नेतृत्व किया और स्वाधीनता संग्राम में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन त्याग, स्वाभिमान और देशप्रेम की मिसाल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 15 नवम्बर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला लिया है। इस दिन प्रदेशभर में माल्यार्पण, परिचर्चा और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *