किडनैपर से सकुशल छुड़वाया पत्रकार, मोहाली पुलिस ने एक गिरफ्त में लिया

Spread the love

चंडीगढ़, सुरेन्द्र राणा: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला एसएएस नगर, हरमनदीप सिंह हांस आईपीएस ने बताया कि मोहाली पुलिस ने एक चैनल के पत्रकार गुरप्यार सिंह को मंगलवार शाम सात बजे नवां गांव स्थित उनके कार्यालय से निहंग वेश में तीन अज्ञात आरोपियों द्वारा अपहरण किए जाने की घटना के 12 घंटे के भीतर सकुशल मुक्त करवा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही तथा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीमें गठित कर मामले का पता लगाने व गुरप्यार सिंह को सकुशल वापस लाने के लिए भेज दी गई थीं। एसएसपी ने बताया कि मंगलवार को मनप्रीत कौर पुत्री गुरसेवक सिंह निवासी मकरौर साहिब, थाना मूनक, जिला संगरूर के बयानों के आधार पर थाना नवां गांव में तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 140 (3) के तहत मुकदमा संख्या 122 दर्ज किया गया था, जिसमें बताया गया था कि उसका भाई गुरप्यार सिंह एक मीडिया टीवी न्यूज चैनल, कोठी नंबर 34डी, शिवालिक विहार में न्यूज एंकर एवं प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत है।लगभग दो साल पूर्व उन्होंने रवि सरूप के कहने पर गांव धमधान साहिब से 28 कनाल 5 मरला जमीन खरीदी थी। उन्हें बकाया राशि 12 लाख रुपए देनी थी, जो रवि सरूप के कहने पर डीलरों देवराज, मदन सिंह व भोला सिंह को दे दी गई, परंतु उक्त डीलरों ने रवि सरूप को यह राशि देने से मना कर दिया। इस संबंधी उन्होंने मूनक थाने में दरख्वास्त दर्ज करवाई थी। फिर भी हमें पैसे मिलने की उम्मीद न होने के कारण उनकी माता जसवीर कौर के कहने पर उन्होंने हरदीप सिंह अकाली, जस्सा सिंह व एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मदद ली। जिन्होंने उनके गांव में आकर उक्त डीलरों से राजीनामा करवा लिया था। उक्त निहंगों ने उक्त राजीनामा के बदले उनसे पैसे मांगने शुरू कर दिए। मंगलवार को उसके भाई गुरप्यार सिंह को उसके कार्यालय से बाहर बुलाया गया और निहंग वेश में तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक रिट्ज कार में जबरन अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने मानव संसाधन की सहायता से तलाश कर अपहृत गुरप्यार सिंह को 12 घंटे के भीतर आरोपियों से मुक्त करा लिया तथा एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है, उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *