ऊना: ऊना शहर में फिर एक शराब कोराबारी से गैंगस्टरों द्वारा पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगने व जान से मारने की धमकी के मामले ने सबको चौका दिया है। आरोपी ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताया। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया है। उक्त शराब कारोबारी ने इस मामले की शिकायत ऊना पुलिस को दी है और पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता शराब कारोबारी राजीव कुमार राणा ने बताया कि मंगलवार को उसे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम हैरी वाक्सर बताया और कहा कि यदि वह अपनी जान बचाना चाहता है, तो उसे पांच करोड़ रुपए देने होंगे।इस धमकी भरी कॉल से शराब कारोबारी व उसके परिवार सदस्य परेशान हो गए हैं। पिछले आंकड़ों पर ध्यान दें, तो गैंगस्टरों द्वारा फिरौती मांगने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले ऊना जिला के भडोलियां खुर्द गांव में एक ढाबे पर बोलेरो कैंपर सवार चार युवकों ने पिस्तौल दिखाकर एक शराब ठेकेदार से फिरौती मांगी थी। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसमें ऊना के हरोली के 27 वर्षीय लखविंद्र निवासी लोअर बढ़ेडा,19 वर्षीय वंश रायजादा निवासी धर्मपुर, 29 वर्षीय सुमित उर्फ काकू निवासी सलोह और पंजाब के 28 वर्षीय सतिंद्र पाल उर्फ छिंदू निवासी होशियारपुर, 23 वर्षीय लवदीश संधू उर्फ लव और 26 वर्षीय लवप्रीत कुमार निवासी कपूरथला शामिल थे।
