आपदा प्रभावितों को राहत बांटेंगे राहुल-सुक्खू, मंडी में नौ नवंबर को कार्यक्रम संभव

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: आपदा प्रभावितों को राहत देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू मंडी आएंगे। मंडी में सीएम सुक्खू और राहुल गांधी का यह दौरा आगामी नौ नबंवर को होने की संभावनाएं हैं। मंडी जिला प्रशासन सहित बिलासपुर और कुल्लू प्रशासन के आलाधिकारियों को भी इस प्रस्तावित दौरे के तहत तैयारियां मुक्कमल करने के निर्देश शिमला से दे दिए गए हैं। आपदा प्रभावितों को राहत बांटने का प्रोग्राम मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। ऐसे में मंडी प्रशासन उन लोगों की सूची को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है, जिनके घर इस आपदा में तबाह हुए हैं। सीएम द्वारा आपदा प्रभावितों को घर बनाने के लिए चार चार लाख के चेक प्रदान किए जांएगे।

इसके लिए राज्य सरकार ने कुल 500 करोड़ की व्यवस्था की है। मंडी जिला प्रशासन इस प्रोग्राम को अंदरखाते सात नबंवर को आयोजित करने में जुटा था, लेकिन राहुल गांधी के बिहार चुनाव में व्यस्त होने के कारण अब इसे नौ नबंवर को किया जा सकता है। बता दें कि हिमाचल में बरसात के दौरान 1817 घर पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं। अब आपदा प्रभावितों को घर बनाने के लिए राहत राशि आबंटन की मुहिम मंडी से शुरू हो रही है। राज्य सरकार ने बारिश में तबाह हुए घर को बनाने के लिए कुल सात लाख रुपए देने की घोषणा की है। इसी के तहत मंडी से प्रभावितों को पहले चरण में घर बनाने के लिए चार-चार लाख की राशि आबंटित करने की मुहिम शुरू की जा रही है। इस दौरान सरकार के कुछ मंत्री और कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *