हमीरपुर, पुलिस थाना हमीरपुर के तहत आने वाले सासन क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद लहूलुहान और बेसुध अवस्था में मिली महिला के मामले में पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि इस नाबालिग ने महिला से जबरदस्ती करने का प्रयास किया था और जब वह इसमें सफल नहीं हो पाया था तो उसने पर जानलेवा हमला कर दिया जिसके बाद वो मौके से फरार हो गया। यही नहीं जो रास्ता जंगल की ओर जाता है वहां एक घर में लगाए सीसीटीवी कैमरे में युवक की मूवमेंट कैद हुई। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह भी पता चला कि एक नाबालिग यहां पर देखा गया था। जब उससे यहां पर होने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह अपने दोस्तों का इंतजार कर रहा है। ऐसे में पुलिस को इसे ऊपर ही शक हुआ तथा मंगलवार को इसे हिरास्त में लिया गया है। इसके अलावा घटनास्थल पर पैन और टूटी हुई स्केल भी बरामद हुई है। जांच में जुटी पुलिस सीसीटीवी फुटेज तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के उपरांत आरोपी तक पहुंची।
पुलिस ने महिला पर वार करने के लिए इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है, जो कि खून से सना हुआ था। इसके साथ ही दराटी भी मौके से बरामद हुई है तथा उसके पर भी खून के धब्बे लगे हुए थे। मंगलवार को फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आरोपी को भी घटनास्थल पर ले जाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। उधर, सोमवार रात को हमीरपुर मेडिकल कालेज से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर की गई घायल महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई है।
