रिश्वत लेते तकनीकी सहायक गिरफ्तार, बीडीसी सदस्य से एक हजार मांगना पड़ा महंगा, विजिलेंस ने दबोचा

Spread the love

मंडी, काजल: बीडीसी सदस्य से रिश्वत लेने के आरोप में पंचायत तकनीकी सहायक को विजिलेंस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी आरोपी कर्मचारी इसी बीडीसी सदस्य से 500 रुपए डकार चुका है। मंडी में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक तकनीकी सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी एक पंचायत में तैनात है और उसी पंचायत के बीडीसी सदस्य से पंचायत अनुदान से संबंधित अनुमान तैयार करने के बदले 1000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। ब्यूरो की मंडी इकाई ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। सत्यापन के दौरान पुष्टि हुई कि आरोपी ने रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया गया। आरोपी को ठीक 1000 रुपए की रिश्वत स्वीकार करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।शिकायतकर्ता नारायण सिंह ने खुलासा किया कि चार दिन पहले भी आरोपी ने उनसे 500 रुपए रिश्वत के रूप में लिए थे। यह मामला पंचायती राज व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार की गंभीरता को उजागर करता है। पुलिस थाना एसवी एंड एसीबी, मंडी में एफआईआर नंबर 05/2025 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत दर्ज की गई है। रिश्वतखोरी के इस मामले की जांच विजिलेंस के इंस्पेक्टर रूप सिंह को सौंपी गई है। विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण ने कहा कि यह कर्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का हिस्सा है। जांच आगे बढ़ रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *