शिमला, सुरेन्द्र राणा;हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार चार और पांच नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। दो और तीन नवंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। छह नवंबर से मौसम के फिर साफ रहने की संभावना है।
विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ चार नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में चार और पांच नवंबर को बिजली गिरने और गरज-चमक की स्थिति को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।
