लाहौल-स्पीति, सुरेन्द्र राणा: जिला लाहौल-स्पीति पुलिस की ओर से आज पुलिस कर्मियों के लिए एक दिवसीय फर्स्ट एड रेस्पॉन्डर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में बीआरओ (BRO) के मेडिकल स्टाफ कैप्टन डॉ. आकाश प्रजापति ने पुलिस कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार देने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को सिखाया गया कि दुर्घटना या आपदा के समय घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुँचाया जाए, साथ ही त्वरित और सही तरीके से प्राथमिक उपचार कैसे दिया जाए।
इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर न केवल पुलिस कर्मियों की क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि आपात स्थितियों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
