सडक़ों पर फोटो और वीडियो बनाने पर बैन, सडक़ हादसे रोकने को पुलिस का बड़ा ऐलान, स्टंटबाजी पर कसेगी नकेल

Spread the love

मंडी, काजल: हिमाचली सडक़ों पर पहली बार नो स्टॉपिंग जोन चिन्हित किए जा रहे हैं। इन सडक़ों पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करना भी प्रतिबंधित होगा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन हो रहे सडक़ हादसों को रोकने तथा स्टंटबाजी पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने नो स्टॉपिंग जोन चिन्हित करने का फैसला लिया है। हिमाचल पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को आदेश जारी किए हैं कि हिमाचली सडक़ों पर नो स्टॉपिंग स्थल चिन्हित कर अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। हिमाचल पुलिस द्वारा हर ब्लैक स्पॉट पर विशेष साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।

वहीं हाई-वे और फोरलेन पर नियमित पेट्रोलिंग की जाए। मंडी हादसे के बाद यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। एसपी मंडी आईपीएस साक्षी वर्मा ने बताया कि स्टंटबाजी पर नकेल कसी जाएगी।

हिमाचल प्रदेश में पहले से ही 147 ब्लैक स्पॉट्स और 1,643 वल्नरेबल स्पॉट्स की पहचान की गई है, जो मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच-22, एनएच-5, एनएच-21) और फोरलेन सडक़ों पर हैं। इन क्षेत्रों में खतरनाक मोड़, संकरी सडक़ें और भूस्खलन की संभावना जैसे कारक हादसों का कारण बनते हैं। पुलिस ने फैसला किया है कि इन सभी स्थानों पर नो स्टॉपिंग और नो फोटोग्राफी के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *