पंजाब: हरियाणा में डीजीपी वाई पूरन कुमार के स्टाफ के खिलाफ वसूली मामले की जांच कर रहे इन्वेस्टिगेशन अफसर ने मंगलवार को कथित रूप से आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रोहतक में साइबर सेल में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) संदीप लाठर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संदीप लाठर ने रोहतक के लाढ़ौत गांव में खेत में बने कमरे में खुद को गोली मारकर जान दे दी। मृतक ने अपने पीछे चार पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो मैसेज भी छोड़ा है। सुसाइड नोट में एएसआई ने डीजीपी वाई पूरन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा कि वाई पूरन कुमार भ्रष्टाचारी अधिकारी थे और उनके खिलाफ कई सबूत मौजूद थे।उन्होंने आरोप लगाया है कि पूरन कुमार ने गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या कर ली और उन पर जातिवाद का फायदा उठाकर व्यवस्था को हाईजैक करन का आरोप लगाया। एएसआई ने अपने नोट में लिखा मैं अपनी जान देकर जांच की मांग कर रहा हूं। इस भ्रष्ट परिवार को बख्शा नहीं जाना चाहिए। गौरतलब है कि पूरन कुमार ने खुद सात अक्तूबर को आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने एक नोट छोड़ा था, जिसमें 16 वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के नाम थे और आरोप लगाया था कि उनके उत्पीडऩ के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
