विशाखापट्टनम में गूगल निवेश करेगा 1.33 लाख करोड़, सीईओ सुंदर पिचाई ने की प्रधानमंत्री से बात

Spread the love

दिल्ली; दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी गूगल ने भारत पर बड़ा दांव लगाया है। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा है कि उनकी कंपनी भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का बड़ा हब बनाने के लिए 1.33 लाख करोड़ रुपए (15 अरब डालर) का निवेश करेगी। पिचाई ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस बारे में बात की है और आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में अपने पहले एआई हब के लिए अमरीकी तकनीकी दिग्गज की योजनाओं को उनसे साझा किया है।गूगल ने विशाखापट्टनम में एक विशाल डाटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस की घोषणा की है, जो अमरीका के बाहर उसका सबसे बड़ा एआई हब होगा। कंपनी ने कहा कि गूगल अगले पांच वर्षों में भारत में अडानी समूह के साथ मिलकर 15 अरब डालर का निवेश करेगा। पीएम मोदी से बातचीत का हवाला देते हुए सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया एक्स पर इस बारे में जानकारी साझा की है और इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

भारतीय मूल के सीईओ सुंदर पिचाई ने ‘एक्स’ पर लिखा कि यह केंद्र गीगावाट स्तरीय कम्प्यूटिंग क्षमता, एक नई अंतरराष्ट्रीय सब-सी गेटवे और विशाल ऊर्जा अवसंरचना को एक साथ लाता है। इसके माध्यम से हम अपनी उद्योग-अग्रणी प्रौद्योगिकी को भारत के उद्यमों एवं उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाएंगे, जिससे एआई नवोन्मेषण में तेजी आएगी और देश भर में विकास को गति मिलेगी। यह अमरीका के बाहर सबसे बड़ा एआई केंद्र होगा, जिसमें हम निवेश करने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर भी किए गए। समझौता गूगल और आंध्र प्रदेश सरकार के बीच हुआ है। इसी समझौते पर हस्ताक्षर होने के तुरंत बाद पिचाई ने एक्स पर पोस्ट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *