हमीरपुर, उमांश राणा: सुजानपुर उपमंडल की चबूतरा पंचायत में हाल ही में हुए भूस्खलन से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मति टिहरा चौकी पंचायत के समाजसेवी आगे आए हैं। राजपूत महासभा हमीरपुर के महासचिव की उपस्थिति में इन समाजसेवियों ने राहत राशि वितरित कर मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित गांव के सात परिवारों — नरोतम, किशोरी, सुनील, बंशी, ब्रह्मदास और बीर सिंह — को कुल डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस मदद से पीड़ित परिवारों को राहत मिली है और यह पहल समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
धन एकत्रित करने और वितरण प्रक्रिया में लाला कृष्ण कुमार, सुदेश कुमार डडवाल, सेवानिवृत्त थानेदार महेंद्र सिंह, हवलदार उत्तम चंद और रोशन लाल ठाकुर ने अहम भूमिका निभाई।
राजपूत महासभा हमीरपुर के जिला महासचिव जोगिंदर ठाकुर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
