हमीरपुर में जिला राजपूत महासभा की नई कार्यकारिणी का आगाज़

Spread the love

हमीरपुर, उमांशी राणा: जिला राजपूत महासभा ने आम चुनाव के एक माह बाद शनिवार को जिला मुख्यालय में धूमधाम के साथ अपनी नई कार्यकारिणी की शुरुआत की। स्थानीय कुमार पैलेस में आयोजित भव्य समारोह में जिलेभर से वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध राजपूतों ने भाग लिया और संगठन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा, जबकि महासचिव जोगिंदर ठाकुर ने संगठन का एजेंडा साझा करते हुए स्पष्ट किया कि राजपूत समाज संविधान प्रदत्त समानता और सामाजिक न्याय की भावना के अनुरूप अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहेगा।

कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशवीर ठाकुर, राकेश सोहारु, रघुबीर राणा, राजिंदर ठाकुर, होशियार ठाकुर, प्रताप ठाकुर, विपन अत्री सहित अन्य को नियुक्त किया गया। महिला विंग की अध्यक्ष वीणा कपिल, जबकि रजनीश चौहान और अनीता गथानिया महासचिव बनाई गईं। भूतपूर्व सैनिक विंग का नेतृत्व अनिल ठाकुर अध्यक्ष और कैप्टन प्रकाश ठाकुर महासचिव करेंगे।

सभा के लीगल सैल का दायित्व एडवोकेट दिनेश ठाकुर को सौंपा गया, जबकि युवा वर्ग को जागृत करने की जिम्मेदारी परमिंदर पम्मी, हरिओम सिंह और अजय ठाकुर को दी गई। साथ ही, संगठन ने 25 वरिष्ठ राजपूतों को शामिल करते हुए एक सलाहकार बोर्ड भी गठित किया।

सभा ने प्रस्ताव पास किया कि जल्द ही अपना मांग पत्र प्रदेश व केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा। जिला राजपूत महासभा ने जिले के सभी राजपूतों से बड़ी संख्या में जुड़ने का आह्वान किया ताकि भेदभावपूर्ण नीतियों के खिलाफ सरकार पर दबाव बनाया जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *