स्टाफ रिपोर्टर — जोल,बैरिया में अंशिका हत्या मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अंशिका की हत्या के दूसरे आरोपी जो कि भारतीय सेना में कार्यरत हैं, को गुरुवार को पुलिस द्वारा जम्मू से हिरासत में लेकर जोल पुलिस चौकी पहुंची। जहां पर आरोपी प्रवेश कुमार से प्रारंभिक पूछताछ में उसने अंशिका की हत्या कर शव को जलाने की बात को कबूल करते हुए कहा कि इस सारी घटना को उसके द्वारा ही अंजाम दिया गया है। आरोपी प्रवेश कुमार ने बताया कि वह अंशिका के साथ शादी नहीं करना चाहता था, जबकि उसके द्वारा उसे बार-बार शादी करने का दवाब बनाया जा रहा था।
उसने संयोजित ढंग से गत मंगलवार रात अंशिका को मिलने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया और वहीं पर उसका कत्ल कर शव को झाडिय़ों के बीच डालकर आग लगा दी। प्रवेश द्वारा अपने चाचा की इस पूरे हत्या के प्रकरण के बारे में पूछने पर उसने इतना ही बताया कि चाचा संजीव कुमार उसे छोडऩे अपनी गाड़ी में जम्मू गया था। पुलिस द्वारा शुक्रवार को आरोपी दोनों चाचा व भतीजा का मेडिकल करवाकर उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं, अंशिका का आज अंतिम संस्कार बैरिया के मोक्षधाम में कर दिया गया, जहां भारी संख्या में लोगों ने मृतका अंशिका को नम आंखों से विदाई दी।
