पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के चुनाव रविवार को ऊना स्थित एक निजी होटल में निर्विघ्न व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी के रूप में न्यायाधीश सुरेंद्र सिंह ठाकुर और चुनाव पर्यवेक्षक कुश्ती संघ इंडिया के कोषाध्यक्ष डॉ. एस.पी. देसवाल, हरीदत्त शर्मा तथा युवा सेवा एवं खेल विभाग से प्रिंस पठानिया मौजूद रहे। चुनाव प्रक्रिया में प्रदेशभर से आए संघ के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया।
इस अवसर पर जिला ऊना के राजेंद्र ठाकुर उर्फ डिपंल को हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं अमर दीप सिंह रानौत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी जगदीश, गियान चंद, विवेक गौतम और अमरीश सिंधु को सौंपी गई। संघ का महासचिव नरदेव को बनाया गया जबकि अनूप कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। संयुक्त सचिव पद पर चंदर मोहन और रमेश चंद निर्वाचित हुए। इसके अलावा मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी ओंकार कपिला और सुरेंद्र राणा को दी गई है। कार्यकारी सदस्य के रूप में चरण दास, विजय ठाकुर, सुरेंद्र, पंकज शर्मा और रंदीप सिंह पठानिया को चुना गया।
बैठक के दौरान यह संकल्प लिया गया कि हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर उर्फ डिपंल ने अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने पारदर्शिता व निष्पक्षता को संघ की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नई प्रतिभाओं को खोजा जाएगा।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कुश्ती केवल खेल नहीं बल्कि परंपरा और संस्कृति से जुड़ा गौरवशाली हिस्सा है और उनका संकल्प रहेगा कि हिमाचल में कुश्ती को नई पहचान दिलाई जाए ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ सकें।
