मुंबई, एजेंसी। आयकर विभाग की छापेमारी में मुंबई का एक ऐसा भिखारी सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। भीख मांगने वाले इस शख्स के पास न केवल आलीशान घर और करोड़ों की संपत्ति है, बल्कि देश-विदेश में फैला भीख मांगने का संगठित नेटवर्क भी है।
सूत्रों के मुताबिक, इस भिखारी का नाम भरत जैन है, जो कभी आईआईएफएम कोलकाता से पढ़ाई कर चुका है और रैंक होल्डर भी रह चुका है। आज उसकी मासिक आय करीब 7 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
भरत जैन ने भीख मांगने के धंधे को पूरी तरह से कारोबारी तरीके से संगठित किया हुआ है। उसके नेटवर्क में करीब 18 हजार भिखारी काम करते हैं। बताया जाता है कि वह धंधा चलाने के लिए ग्राहकों को लुभाने की तरकीबें अपनाता है, जैसे भोजन तीन बार बदलने की सुविधा। हर दिन की कमाई से वह 20 प्रतिशत कमीशन वसूलता है।
छापेमारी के दौरान उसके पास मुंबई में 8 फ्लैट, किराए पर दिए गए 8 अपार्टमेंट, निजी इस्तेमाल के लिए 2 स्वतंत्र बंगले, 4 पोल्ट्री फार्म और एक होटल का मालिकाना हक सामने आया है। विभाग ने हाल ही में उसे 22 करोड़ रुपये का नया घर खरीदते भी पकड़ा था।
यही नहीं, जांच में खुलासा हुआ है कि भरत जैन का नेटवर्क मलेशिया और इंडोनेशिया तक फैला हुआ है। उसके लिए भीख मांगने वाले सिंडिकेट अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काम कर रहे हैं।
छापे में आयकर विभाग को उसके ठिकानों से 460 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए हैं। इस खुलासे ने प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है।
