शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीती रात बारिश से भारी नुकसान हुआ। शिमला शहर के अलग अलग क्षेत्रों में 20 से ज्यादा गाड़ियों को लैंडस्लाइड, पेड़ गिरने और मलबे से नुकसान हुआ है। शिमला के सर्कुलर रोड पर हिमलैंड के पास रात में लैंडस्लाइड से चार से पांच गाड़ियां मलबे में दब गई। जिससे कुछ समय के लिए सर्कुलर रोड वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा।सड़क पर दोनों और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इससे स्कूली बच्चों, कामकाजी लोग पैदल चलकर स्कूल-दफ्तर पहुंचे। वहीं शिमला के BCS में भी लैंडस्लाइड और पेड़ गिरने से 4 गाड़ियां चपेट में आ गई और सड़क काफी देर तक अवरुद्ध रही।
इसी तरह टूटीकंडी पांजड़ी में नाले में मलबा आने से पार्किंग में खड़ी 8 से ज्यादा गाड़ियों को नुकसान हुआ है। इसके अलावा स्कैंडल प्वाइंट के पास भी लैंडस्लाइड होने से पी एंड टी कॉलोनी में एम्बुलेंस सड़क बंद है। शिमला के कनलोग में भी लैंडस्लाइड होने से सड़क में मलवा आ गया जिससे लम्बा जाम देखने को मिला।शिमला में रात 2 बजे के बाद भारी बारिश हुई जिससे शहर में काफी नुकसान हुआ।मौसम विभाग ने आज भी शिमला समेत प्रदेश के ज्यादा भागों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
