हमीरपुर, सुरेंद्र राणा: हमीरपुर जिला के सुजानपुर उपमंडल के गांव चबूतरा में आपदा ने लोगों को बेघर कर दिया है। भारी बारिश और भूस्खलन के चलते कई घर जमींदोज हो गए, जिसके चलते प्रभावित परिवारों को पंचायत घर और सत्संग भवन में शरण लेनी पड़ी। लोगों ने पूरी रात वहां जागकर बिताई।
आपदा की इस घड़ी में भी अमानवीय घटना सामने आईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिन घरों को अचानक खाली करना पड़ा, उनमें चोरी की वारदातें हुईं। सुबह जब लोग कुछ सामान लेने वापस लौटे तो घरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। ऐसे में जब चारों और कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है तब भी लोग प्रकृति के प्रकोप से नहीं डर रहे और ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे।
खेर प्रशासन ने गांव को पूरी तरह खाली करवा दिया है और मुख्य मार्ग पर पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये दिए गए हैं। इसके साथ ही किराये के मकान में रहने वालों को सरकारी नियमावली के अनुसार किराया भी मुहैया करवाया जाएगा।
