शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गुरुवार को राज्य सचिवालय में शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रोहित ठाकुर ने उन्हें हिमाचल कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर महत्वपूर्ण बयान दिया। रोहित ठाकुर ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से पार्टी आलाकमान के आदेश को कोई नकार नहीं सकता। हालांकि सभी नेताओं ने पार्टी हाई कमान के सामने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वे वर्तमान जिम्मेदारी से संतुष्ट हैं लेकिन आलाकमान कोई भी जिम्मेदारी देता है तो वे उससे पीछे नहीं हटेंगे। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलने की चर्चाएं तेज़ हैं। राजनीतिक गलियारों में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बनने की चर्चाएं सबसे ज्यादा हो रही हैं।
हिमाचल कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलने की चर्चाओं पर रोहित ठाकुर ने कहा कि सभी मंत्रियों ने दिल्ली में अपना पक्ष रखा है। सभी मंत्री अपनी मौजूदा ज़िम्मेदारी से संतुष्ट हैं। हालांकि किसी भी मंत्री को अगर आलाकमान कोई ज़िम्मेदारी देगा, तो वे उससे इनकार नहीं कर सकते। ठाकुर ने माना कि लंबे वक्त से कांग्रेस का संगठन न होने की वजह से पार्टी को नुकसान झेलना पड़ रहा है। आने वाले पंचायत और शहरी निकाय चुनाव से पहले कार्यकारिणी का गठन बेहद ज़रूरी है।
वहीं, विभाग की बैठक को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ यह रूटीन बैठक थी। बैठक में विभाग के कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई है। बरसाती आपदा में प्रदेश भर में करीब 500 से ज्यादा स्कूलों को नुकसान पहुंचा है। इसमें 200 से ज्यादा स्कूल मंडी जिला में प्रभावित हुए हैं। स्कूलों के पुनर्निर्माण के लिए बजट को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है। रोहित ठाकुर ने कहा कि इसके अलावा विधानसभा का मानसून सत्र आने वाला है। इसको देखते हुए भी शिक्षा विभाग पूरी तरह से तैयार है।
