शिमला, सुरेन्द्र राणा- हिमाचल प्रदेश में बारिश से भारी तबाही हुई है। राज्य में अब तक 700 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में 20 जून से अब तक 69 लोगों की मौत हुई है और 37 लोग लापता हैं। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की है और उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय टीम नुकसान का जायजा लेने के लिए आ रही है। उन्होंने कहा कि एक साथ इतने ज्यादा बादल फटने की घटना चिंताजनक है और इसका अध्ययन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि मौजूदा वक्त में 280 सड़कें बंद हैं, 332 स्थानों पर बिजली सेवा और 784 जल आपूर्ति बाधित हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों की हर संभव मदद करेगी।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार किया। नेता प्रतिपक्ष के मुख्यमंत्री का फ़ोन न उठाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर झूठ बोल रहे हैं। मुख्यमंत्री कहा कि उन्होंने कल ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मुलाकात की और अधिकारी भी नेता प्रतिपक्ष से बात कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर को राजनीतिक रोटी नहीं सेंकनी चाहिए और नेता प्रतिपक्ष को मंडी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की जगह लोगों के बीच में रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा में राजनीति नहीं करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कंगना रनौत पर भी तंज किया और कहा कि जल्द ही कंगना रनौत को जयराम ठाकुर से बात कर यहां आना चाहिए और आपदा में राजनीति नहीं करनी चाहिए।
+ There are no comments
Add yours