रिज मैदान पर समर फेस्टिवल के दौरान लगे स्टॉल हटे लेकिन गंदगी के कूड़े के अंबार नहीं

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा:समर फेस्टिवल के लिए ऐतिहासिक रिज मैदान पर लगे स्टॉल अब हटा लिए गए हैं, लेकिन पीछे रह गई है गंदगी और अव्यवस्था। रिज मैदान, जो शिमला का मुख्य आकर्षण और पहचान है, वहां इन दिनों कूड़े-कचरे का ढेर, बिखरे हुए प्लास्टिक और खाने-पीने की चीजों के अवशेष साफ देखे जा सकते हैं। समर फेस्टिवल के दौरान यहां विभिन्न राज्यों से आए व्यापारियों ने स्टॉल लगाए थे। बीते कल सभी स्टॉल तो हटा लिए गए, लेकिन सफाई अभी तक नहीं की गई। पद्मदेव कॉम्प्लेक्स के ऊपर फैली गंदगी से न केवल रिज मैदान की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्यटकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

टूरिस्ट सीजन के चलते शिमला इन दिनों सैलानियों से भरा है। ऐसे में रिज जैसे प्रतिष्ठित स्थान की ये हालत शहर की छवि को भी धूमिल कर रही है। लोग यहां आकर फोटो खिंचवाते हैं, घूमते हैं, लेकिन गंदगी की वजह से उन्हें निराशा हाथ लग रही है।नगर निगम शिमला की उप महापौर उमा कौशल ने मामले को लेकर बताया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी गंदगी ओर कूड़े को हटाने का काम कर रहे हैं। सुबह से हो रही बारिश के बाद इसमें रुकावट पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदारों को डस्टबिन लगाने के लिए कहा गया था बावजूद इसके काफी ज्यादा गंदगी फैलाई गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह न हो तो ऐसे आयोजनों में नगर निगम स्वयं बड़े डस्टबिन रखवाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *