25 से 28 जून तक धर्मशाला में रहेंगे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 25 से 28 जून तक हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रहेंगे। यहां वह नेशनल हैल्थ मिशन के दो दिवसीय महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय मंथन शिविर में भाग लेंगे। 26 और 27 जून को आयोजित होने वाले इस शिविर में हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। धर्मशाला के एक निजी होटल में इस उच्च स्तरीय कान्फ्रेंस के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस महत्त्पूर्ण बैठक को मंथन शिविर का नाम दिया है, जो इसके महत्त्व को दर्शाता है। मंथन शिविर का आधिकारिक एजेंडा नेशनल हैल्थ मिशन के कार्यक्रमों पर केंद्रित है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि श्री नड्डा का यह लंबा हिमाचल प्रवास केवल स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह हिमाचल के राजनीतिक परिदृश्य का आकलन करने और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक महत्त्वपूर्ण मंच के रूप में काम करेगा।

धर्मशाला में इस महत्त्वपूर्ण आयोजन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।राजनीतिक मंथन होगा हालांकि नड्डा के 25 से 28 जून तक के इस चार दिवसीय प्रवास को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं कि इसका एक बड़ा हिस्सा हिमाचल की राजनीतिक स्थिति पर केंद्रित होगा। जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश से ही हैं और राज्य की राजनीति में उनकी गहरी पकड़ और प्रभाव है। ऐसे में, इस मंथन शिविर के बहाने उन्हें राज्य के प्रमुख नेताओं, कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विश्लेषकों से मिलने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *