Himachal: सीएम बोले- चरणबद्ध तरीके से प्लास्टिक पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध, बच्चों को मिलेंगी स्टील की बोतलें

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल सरकार छह लाख स्कूली बच्चों को पीने के पानी के लिए स्टेनलेस स्टील की बोतलें देगी। प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से सभी तरह के प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। विश्व पर्यावरण दिवस पर वीरवार को पीटरहॉफ शिमला में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह एलान किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक से संबंधित नियम सख्ती से लागू किए गए हैं। सिंगल यूज प्लास्टिक चालान के लिए मोबाइल एप भी शुरू किया है। एप से प्लास्टिक के अवैध उपयोग पर अधिकारी पेपरलेस और त्वरित चालान कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ठोस उपाय किए जा रहे हैं। सरकार ने प्लास्टिक के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू की है। 31 मार्च, 2026 तक प्रदेश को ग्रीन स्टेट बनाने का लक्ष्य तय किया है। हिमाचल में हरित आवरण बढ़ाने के लिए नई योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। सौर ऊर्जा परियोजनाओं, ग्रीन कॉरिडोर, ई-वाहन और हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। ग्रीन कवर को बचाने के लिए सरकार ने केंद्र से ग्रीन बोनस की मांग की है, जिससे राज्य के प्रयासों को संबल मिल सके। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण विभाग की लघु पुस्तकों का विमोचन भी किया। उन्होंने शक्ति स्वयं सहायता समूह, एकता स्वयं सहायता समूह और कुशाला संकुल स्तरीय संगठन को पत्तल और दोने बनाने के लिए मशीनें भी भेंट कीं। वहीं, आरकेएमवी को श्रेडर मशीन भी भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *