शिमला, सुरेन्द्र राणा: पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने रात को जम्मू और पंजाब जाने वाली अपनी सभी बसों को रोक दिया है। जिसके तहत हिमाचल से अब पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और जम्मू के लिए रात के समय बसें नहीं चलेंगी। हिमाचल प्रदेश से इन रूटों पर करीब 20 से 25 बसें जाती हैं। हालांकि दोपहर के समय बस सेवा सामान्य दिनों की तरह ही चलेगी।
इसके साथ ही माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने वाली बसें भी अब सिर्फ जेसुर तक ही जाएंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं।
एचआरटीसी एमडी निपुण जिंदल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह कदम क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठाया गया है। बस सेवाओं के पुनः शुरू होने की जानकारी जल्द ही यात्रियों को दी जाएगी।
