हिमाचल में प्रचंड गर्मी : 42 डिग्री पहुंचा ऊना का पारा, जानिए कब बदलेगा मौसम

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश के ऊना का तापमान अब 42 डिग्री पर पहुंच गया है। प्रदेश के मैदानों में भीषण गर्मी पड़ रही है जिसके चलते अगले तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट दिया गया है। मैदानी क्षेत्रों के लोगों को लू से खुद का बचाव रखना होगा जिसकी चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। प्रदेश के पांवटा, बिलासपुर, हमीरपुर में भी प्रचंड गर्मी है। पांवटा का तापमान भी 41 डिग्री पर पहुंच चुका है। तापमान के मामले में ऊना इस वक्त सबसे आगे है। ऊना का तापमान इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। भीषण गर्मी के चलते दिन के समय यहां पर लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो मैदानी इलाकों में आगामी 3 दिनों के दौरान लोगों की मुश्किल और बढऩे वाली हैं क्योंकि लू चलने का अलर्ट दिया गया है। खासकर तीन जिलों ऊना, कुल्लू, मंडी में तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ सकता है।प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को पूरा दिन मौसम साफ रहा। तेज धूप के खिलने से मैदानी इलाकों में दिन के समय भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया। खासतौर पर ऊना, पांवटा साहिब, बिलासपुर, हमीरपुर कांगड़ा धौला कुआं और सोलन में लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ी।

ऊना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पांवटा साहिब में तापमान 41 डिग्री पर है। बिलासपुर में 37.9, हमीरपुर में 37 व कांगड़ा में भी तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। दोपहर बाद मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित चोटियों पर बादल घिरने शुरू हो गए थे वहीं शाम के समय पहाड़ों पर ठंडी हवाएं भी चलीं। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी मौसम साफ बना रहा है जिससे न्यूनतम तापमान में भी इजाफा रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है। तापमान में बढ़ोतरी होने से रात के समय भी गर्मी पसीने छुड़ाने लगी है। प्रदेश के किन्नौर व लाहौल स्पीति में अभी भी सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। मगर प्रदेश के शेष इलाकों में रात के समय गर्मी पडऩे लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 1 से 3 मई के बीच बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। पहली मई से यहां का मौसम बदलेगा और इसके करवट लेने से प्रदेश के मैदानी इलाकों को भी कुछ राहत मिल सकती है। इस दौरान बारिश के साथ आंधी ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफतार से तेज हवाएं चलने को भी कहा गया है। फिलहाल हिमाचल के मैदानी इलाकों में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़े हैं और यहां लोग परेशान हो चले हैं। अब तीन दिनों तक लोगों को लू से बचना होगा वरना उनके लिए आफत खड़ी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *